⚡माचलपुर - सोयत रोड पर जोरदार भिड़ंत: दो बाइक टकराईं, गंभीर घायलों को किया झालावाड़ (राजस्थान) रेफर..
माचलपुर थाना क्षेत्र के सोयत रोड स्थित बांदा गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार ने कहर बरपाया, जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों मोटर साइकल पर सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल झालावाड़ (राजस्थान) रेफर करना पड़ा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार विष्णु पिता अमर सिंह बागरी निवासी ग्राम करकड़िया थाना सोयत एवं गोविंद पिता बद्रीलाल बागड़ी निवासी पिपलिया बिजारेल थाना जीरापुर थे। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सागर पिता पीरूलाल मेघवाल निवासी देहरिया थाना सोयत सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं, जिसके चलते बांदा गांव के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भागीरथ शाक्य अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुलीचंद मालवीय, पप्पू दांगी व रविंद्र जाट ने तुरंत राहत कार्य शुरू कराया। इस दौरान पुलिस विभाग में सूचना संकलन कर रहे रवींद्र जाट ने मानवता और कर्तव्य की मिसाल पेश करते हुए घायलों को खुद उठाकर वाहन तक पहुंचाया। घायलों को बचाने के दौरान उनकी पूरी शर्ट खून से सन गई, लेकिन उन्होंने बिना परवाह किए अपनी ड्यूटी निभाई।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों घायलों को शासकीय अस्पताल माचलपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने विष्णु और सागर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ रेफर कर दिया, जबकि गोविंद को भी चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार गोविंद को भी बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ रेफर कर दिया गया है।

إرسال تعليق