⚡ ब्रेकिंग News

डीजे की धुन, शिव की झांकी और गूंजते जयकारे… माचलपुर में निकली भव्य कावड़ यात्रा, नन्हे कावड़ियों ने भी दिखाया गजब का उत्साह।

दैनिक मधुर दर्पण समाचार द्वारा 

आकाश शर्मा संपादक दैनिक मधुर दर्पण।

डीजे की धुन, शिव की झांकी और गूंजते जयकारे… माचलपुर में निकली भव्य कावड़ यात्रा, नन्हे कावड़ियों ने भी दिखाया गजब का उत्साह।


भव्य मंदिर निर्माण संकल्प के साथ निकली ऐतिहासिक कावड़ यात्रा

बांगपुरा महादेव से गाड़गंगा का पवित्र जल लेकर बाबा बिलेश्वर महादेव पहुंचे सैकड़ों कावड़िये, ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा माचलपुर

माचलपुर। सावन मास के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा बुधवार को माचलपुर नगर में देखने को मिला। नगर के प्रसिद्ध आस्था केंद्र बाबा बिलेश्वर महादेव मंदिर की बिलेश्वर सेवा समिति द्वारा भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प के साथ विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कावड़ यात्रा में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा वातावरण हर-हर महादेव एवं बोल बम के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

सुबह श्रद्धालु एवं कावड़िये बांगपुरा स्थित भोलेनाथ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं आरती करने के बाद सभी ने पवित्र नदी गाड़गंगा से जल भरा और बाबा बिलेश्वर महादेव के अभिषेक के लिए कावड़ यात्रा प्रारंभ की।

डीजे की भक्तिमय धुनों, भोलेनाथ के भजनों और ‘बोल बम-बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों के बीच कावड़िये पैदल माचलपुर की ओर रवाना हुए। यात्रा में भगवान शिव की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवा कावड़ियों के साथ बड़ी संख्या में नन्हे-नन्हे बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ करीब 11 किलोमीटर की दूरी नंगे पैर कावड़ लेकर तय करते नजर आए। श्रद्धालुओं की यह भक्ति और उत्साह राह चलते लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।



जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

कावड़ यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। कावड़ियों के लिए जगह-जगह अल्पाहार एवं जलपान की व्यवस्था की गई तथा पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। नगर प्रवेश के दौरान पोलखेड़ा रोड पर हिंदू उत्सव समिति एवं भाजपा मंडल द्वारा कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा और जयकारों के बीच कावड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।इसके बाद कावड़ यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई बाबा बिलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। पूरे नगर में जहां-जहां से यात्रा गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ कावड़ियों का स्वागत किया।

पवित्र जल से हुआ बाबा बिलेश्वर का अभिषेक

बाबा बिलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद सभी कावड़ियों ने गाड़गंगा से लाए गए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया। जैसे ही भगवान शिव का अभिषेक शुरू हुआ, मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्ति का दृश्य देखते ही बन रहा था।अभिषेक के पश्चात बाबा बिलेश्वर महादेव की भव्य पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।

भक्ति के साथ मंदिर निर्माण का संकल्प

इस कावड़ यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि श्रद्धालुओं ने भगवान बिलेश्वर महादेव के भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। भक्तों का उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही थी। कावड़ यात्रा ने न केवल नगर में धार्मिक वातावरण बनाया, बल्कि आपसी एकता, सेवा और सामाजिक सहभागिता का भी सुंदर संदेश दिया।कावड़ यात्रा में पंडित रोहित नागर ने पूरे समय साथ रहकर श्रद्धालुओं एवं कावड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन में बिलेश्वर सेवा समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

सावन के इस पावन अवसर पर माचलपुर में निकली यह भव्य कावड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और आस्था का ऐसा संगम बनी कि पूरा नगर मानो भोलेनाथ की भक्ति में रंग गया। हर ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों ने वातावरण को शिवमय कर दिया।



Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO

ताज़ा खबरों के साथ सुनिए लाइव रेडियो

🔴 ON AIR