🔥महंगाई, बिजली संकट और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा — माचलपुर में गरजा जनआक्रोश, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन!
माचलपुर। (आकाश शर्मा) ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माचलपुर के बैनर तले आज क्षेत्र में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह खिंची के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा शासन के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए नायब तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों और आम नागरिकों से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की मनमानी से क्षेत्र में अवैध वसूली, अघोषित बिजली कटौती और किसानों पर झूठे बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही जले हुए ट्रांसफार्मर समय पर नहीं बदले जाने से गांवों में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे परीक्षार्थियों और आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसके अलावा बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा गया। ज्ञापन में बताया गया कि गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों और समय पर उपलब्धता नहीं होने से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कांग्रेस ने मांग की कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
किसानों के मुद्दे उठाते हुए कांग्रेस ने गेहूं का समर्थन मूल्य 4000 रुपये प्रति क्विंटल करने, बंद उपार्जन केंद्रों को पुनः शुरू करने और सहकारी समितियों के ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग रखी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए। बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माचलपुर में पिछले एक वर्ष से स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए राजस्थान के झालावाड़ तक जाना पड़ रहा है। कांग्रेस ने तत्काल डॉक्टर की नियुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही 'लाड़ली बहना योजना' में राशि बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह करने, पात्र महिलाओं के नाम जोड़ने और बंद पोर्टल को जल्द चालू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत गुर्जर (पोलखेड़ा) सहित समस्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


Post a Comment