🚨पिपल्या कुलमी का निवासी शकील मंसूरी था 'मास्टरमाइंड', 35 लाख की स्मैक जप्त, कड़ियों से कड़ियाँ जुड़ीं और सलाखों के पीछे पहुँचा स्मैक का असली सौदागर!
🚔राजगढ़ पुलिस का 'ऑपरेशन शुद्धि': ₹35 लाख की स्मैक और केमिकल जप्त, मुख्य सप्लायर चढ़ा हत्थे..
माचलपुर जीरापुर/राजगढ़ (म.प्र.) संवाददाता आकाश शर्मा| जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शुद्धि' के तहत जीरापुर- माचलपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने स्मैक की तस्करी करने वाले गिरोह के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके पास से 298 ग्राम स्मैक और नशा बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाला 5.496 किलोग्राम नशीला केमिकल पाउडर जप्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।🚨कड़ी से कड़ी जुड़ी और पहुंच गए सरगना तक...
यह पूरी कार्यवाही योजनाबद्ध तरीके से की गई। पुलिस के मुताबिक, 8 अप्रैल 2026 को आवास कॉलोनी जीरापुर के निवासी घनश्याम बैरागी और उसकी पत्नी संगीता को 8.77 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ में राजस्थान के घाटोली निवासी जगदीश तंवर का नाम सामने आया। जब पुलिस ने जगदीश को दबोचा, तो उसने असली 'मास्टरमाइंड' शकील मंसूरी का खुलासा किया।
🚨आधी रात को पीपल्याकुल्मी में दबिश..
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (IPS) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने 22-23 अप्रैल की दरम्यानी रात ग्राम पीपल्याकुल्मी (थाना माचलपुर) में शकील के घर घेराबंदी की। NDPS एक्ट की तमाम कानूनी प्रक्रियाओं और वीडियोग्राफी के बीच की गई तलाशी में पुलिस की आंखें फटी रह गईं।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
अवैध स्मैक: 298 ग्राम
कैमिकल पावडर (टांका) प्रकार-1: 4.486 किलोग्राम
कैमिकल पावडर (टांका) प्रकार-2: 1.010 किलोग्राम
कुल अनुमानित कीमत: ₹35,00,000/-
विशेषज्ञों के अनुसार: जप्त किया गया 'टांका' पाउडर स्मैक की मात्रा बढ़ाने और उसे अधिक नशीला बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए और भी घातक होता है।
🚨बड़ी धाराओं में केस दर्ज..
आरोपी शकील मंसूरी पिता शब्बीर मंसूरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके विरुद्ध NDPS Act की धारा 8/21, 29 और 30 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और यह नशे का सामान किन-किन राज्यों में खपाया जाना था।
🚔राजगढ़ पुलिस का सख्त संदेश...
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि 'ऑपरेशन शुद्धि' का उद्देश्य जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है। अवैध मादक पदार्थों के व्यापार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस बड़ी कार्यवाही से नशे के काले कारोबार में लिप्त अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment