⚡ ब्रेकिंग News

मूंदड़ा दंपति -“पैसा बहुत, पर दिल नहीं: मासूम को अपशगुन मान सुनसान सड़क पर छोड़ आया कारोबारी जोड़ा”..

राजगढ़/श्योपुर: (संवाददाता आकाश शर्मा)- कहते हैं कि इंसान कितना भी पढ़-लिख जाए या कितना भी अमीर हो जाए, लेकिन अगर सोच छोटी और दिल पत्थर का हो, तो वह किसी भी हद तक गिर सकता है। राजगढ़ के प्रतिष्ठित और करोड़पति मूंदड़ा परिवार ने कुछ ऐसा ही किया, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। जिस मासूम को उन्होंने बड़े चाव से गोद लिया था, उसे ही कारोबार में घाटे का जिम्मेदार मानकर नेशनल हाईवे-552 के सुनसान किनारे लावारिस मरने के लिए छोड़ दिया।

धार्मिक यात्रा के बहाने 'पाप' को दिया अंजाम..

मिली जानकारी के अनुसार - आरोपी आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका मूंदड़ा अपनी कार से खाटू श्याम और मेहंदीपुर बालाजी की धार्मिक यात्रा पर निकले थे। घर से वे भगवान के दर्शन के लिए निकले, लेकिन रास्ते में उन्होंने जो किया वह किसी दानव की सोच से भी परे था। श्योपुर जिले के सोंईकलां क्षेत्र के पास हाईवे पर सन्नाटा देख उन्होंने ढाई साल की मासूम को गाड़ी से उतारा और उसे अकेले छोड़कर रफूचक्कर हो गए।

कारोबार में घाटा और खौफनाक अंधविश्वास..

पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। मूंदड़ा परिवार राजगढ़ का एक बड़ा कारोबारी नाम है, जिनके पास कई पेट्रोल पंप और संपत्ति है। आरोपियों ने बताया कि बच्ची को गोद लेने के बाद से उन्हें व्यापार में नुकसान हो रहा था। किसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने यह मान लिया कि यह बच्ची उनके लिए 'अशुभ' या 'अपशगुन' है। इसी सनक में उन्होंने उस बच्ची से पीछा छुड़ाने के लिए उसे मौत के मुहाने पर धकेल दिया।

भोपाल कनेक्शन और पुलिस की मुस्तैदी..

घटना 19 अप्रैल की है। हाईवे पर भटकती बच्ची को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मानपुर थाना प्रभारी सतीश दुबे और उनकी टीम ने जब जांच शुरू की, तो शुरुआत में कोई सुराग नहीं मिला। लेकिन एक जागरूक युवती के इनपुट ने पुलिस को राजगढ़ के इस रईस दंपती तक पहुंचा दिया। पुलिस ने भोपाल के कोहेफिजा स्थित उनके आवास और राजगढ़ के ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

गोद लेने की प्रक्रिया पर भी गहरा संदेह..

जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। दंपती बच्ची को 'गोद' लिया हुआ तो बता रहे हैं, लेकिन पुलिस के सामने वे एक भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इससे यह आशंका गहरा गई है कि क्या बच्ची को कानूनी रूप से गोद लिया गया था या इसके पीछे भी कोई अवैध सांठगांठ है। पुलिस अब मानव तस्करी और गोद लेने के नियमों के उल्लंघन के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

मुख्य बिंदु:

आरोपी: आकाश मूंदड़ा और कृतिका मूंदड़ा (निवासी राजगढ़)।

वजह: व्यापार में घाटा होने पर बच्ची को 'अपशगुन' मानना।

धाराएं: मासूम को लावारिस छोड़ने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज।

बच्ची की स्थिति: बच्ची फिलहाल सुरक्षित है और पुलिस संरक्षण में है।

नजरिया: यह मामला सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि हमारे समाज में जड़ें जमाए बैठे उस अंधे अंधविश्वास का प्रमाण है, जहां इंसान दौलत के लालच में रिश्तों और मासूमियत का कत्ल करने से भी नहीं हिचकता।



Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO

ताज़ा खबरों के साथ सुनिए लाइव रेडियो

🔴 ON AIR