अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, झालावाड़ में 40 लाख रुपये की स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
झालावाड़ जिला पुलिस की कार्यवाही मै 260 ग्राम स्मैक जब्त।
( दैनिक मधुर दर्पण समाचार / आकाश शर्मा )
झालावाड़, 26 फरवरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। झालावाड़ जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त झालावाड़ हर्षराज सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिला स्पेशल टीम के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने 25 फरवरी 2026 को दौराने गश्त आकाशवाणी के पीछे गिंदौर रोड, झालावाड़ क्षेत्र में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों करण पारिक (22) निवासी रोहिणा थाना बड़ी खाटू जिला नागौर एवं सुनील डीडेल (21) निवासी रोल थाना रोल जिला नागौर को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 260 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में कोतवाली पुलिस टीम के साथ जिला स्पेशल टीम की विशेष भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल जयकिशन की भूमिका सराहनीय बताई गई है।


Post a Comment