भगोरी/जीरापुर (राजगढ़) आकाश शर्मा संवाददाता। “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो” के उद्घोष के साथ ग्राम भगोरी में आयोजित श्री राम दरबार, शिव परिवार, हनुमत प्राणप्रतिष्ठा एवं श्रीराम रुद्र महायज्ञ का आयोजन धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मूर्ति स्थापना के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
ग्राम भगोरी, तहसील जीरापुर, जिला राजगढ़ में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत 19 जून 2026 को हेमाद्री स्नान, भव्य शोभायात्रा, गणपति पूजन, मंडप प्रवेश एवं अग्नि स्थापना के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके पश्चात 20 जून को मूर्तियों का जलाधिवास एवं मानस यज्ञ, 21 जून को धान्याधिवास एवं रुद्र यज्ञ तथा 22 जून को मूर्तियों के न्यास एवं विष्णु महायज्ञ जैसे धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का श्रवण किया।
महोत्सव का विशेष आकर्षण 23 जून की रात्रि में भगवान का नगर भ्रमण रहा। आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे गांव को रंग-बिरंगी रोशनी और धार्मिक सजावट से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह राममय और शिवमय नजर आया। 24 जून को मूर्ति स्थापना, गंगा यात्रा, पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी के साथ महोत्सव अपने चरम पर पहुंचा। विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ श्रीराम दरबार, शिव परिवार एवं हनुमानजी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। जैसे ही प्राण प्रतिष्ठा की विधि पूर्ण हुई, पूरा परिसर “जय श्रीराम”, “हर हर महादेव” और “बजरंगबली की जय” के नारों से गूंज उठा।









Post a Comment